सरायकेला: सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने समाहरणालय सभागार में विकास योजनाओं की मासिक समीक्षा की. बैठक में संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता व अन्य पदाधिकारी शामिल हुए. डीसी ने अधिकारियों से विभागवार योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली. लंबित व धीमी गति से चल रही योजनाओं को तय समय में पूरा करने के लिए जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया. कहा कि काम में देरी के कारणों की पहचान कर समाधान करें.उन्होंने कहा कि किसी योजना का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य पूरा करना नहीं है. जरूरी है कि योजना का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचे. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने पूर्ण हो चुकी योजनाओं से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं जल्द पूरी कर उन्हें आम जनता के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने को कहा, ताकि लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े.उन्होंने अभियंताओं को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया. कहा कि सभी कार्य स्वीकृत प्राक्कलन, तकनीकी मानकों और निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप होने चाहिए. निरीक्षण में किसी तरह की कमी मिलने पर उसे तुरंत दुरुस्त कराएं. निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.डीसी ने कार्यों में अनावश्यक देरी करने व संविदा की शर्तों का पालन नहीं करने वाले संवेदकों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए. जरूरत पड़ने पर काम वापस लेने और संबंधित संवेदक को काली सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा.




