सरायकेला: सरायकेला खरसांवा जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने जिले के तीन प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा किया, साथ ही साथ वहां की स्थिति का जायजा भी लिया. जिला प्रशासन ने जिले के पर्यटन स्थलों को बेहतर बनाने और पर्यटकों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल शुरू कर दी है. इस दौरान उपायुक्त ने कुचाई स्थित करकेट्टा डैम, खरसावां स्थित शिव मंदिर और राजनगर स्थित भीमखंदा का निरीक्षण किया. उन्होंने इन स्थलों पर मौजूद सुविधाओं, बुनियादी ढांचे और विकास की संभावनाओं की जानकारी ली.(नीचे भी पढ़े)
इस दौरान उपायुक्त ने जिला पर्यटन पदाधिकारी अमित कुमार को तीनों पर्यटन स्थलों के विकास के लिए एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, शौचालय, रोशनी, पार्किंग, पहुंच पथ और बैठने की बेहतर व्यवस्था की जाएगी.उपायुक्त ने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास होने से न केवल पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. जिला प्रशासन का उद्देश्य इन पर्यटन स्थलों को बेहतर सुविधाओं से लैस कर पर्यटन को बढ़ावा देना है.












