सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने जिले में अवैध खनन व परिवहन पर कार्रवाई तेज कर दी है. डीसी नीतीश सिंह ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक की. बैठक में एसपी मनोज स्वर्गीयारी भी शामिल रहे. डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध बालू उत्खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए एनजीटी नियमों का पालन सुनिश्चत कराएं. बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सत्पथी ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ हुई कार्रवाई की जानकारी दी. बताया कि 22 जून से 21 अगस्त तक करीब 3.50 लाख घन फीट बालू के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई. 14 वाहन जब्त किए गए और 12.91 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया. (नीचे भी पढ़े)
एक मामले में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है. अवैध क्वार्जाइट पत्थर के उत्खनन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों पर भी कार्रवाई की गई और 3 ट्रैक्टर, 5 हाइवा व एक 407 वाहन पर कार्रवाई की गई.डीसी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में अवैध बालू उत्खनन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने एनजीटी के निर्देशों का हवाला देते हुए नदियों से बालू उठाव पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन सुनिश्चित करने को कहा. सभी नदी घाटों और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने का भी निर्देश दिया.सभी एसडीओ, डीएसपी, सीओ व थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच और छापेमारी करने को कहा गया. खनिज ले जाने वाले वाहनों के दस्तावेजों की जांच करने और वैध कागजात नहीं मिलने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया. बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, सरायकेला एसडीओ अभिनव प्रकाश, चांडिल एसडीओ नितिन शिवम गुप्ता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.




