सरायकेला: जिले में बालू के अवैध खनन और गैर-कानूनी परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. बालू के अवैध कारोबार की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सोमवार की देर रात तिरुलडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने अचानक सघन चेकिंग अभियान चलाया. अभियान के दौरान सड़क से बालू लादकर गुजर रहे कई हाइवा और ट्रकों को रोककर उनके कागजातों की गहन जांच की गई.पुलिस अधिकारियों ने वाहनों के चालकों से माइनिंग चालान, परिवहन परमिट सहित वाहन से संबंधित अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे. (नीचे भी पढ़े)

जांच के दौरान दस्तावेजों का सत्यापन किया गया. जिन वाहनों के पास वैध माइनिंग चालान और आवश्यक कागजात सही पाए गए, उन्हें जांच के बाद आगे जाने की अनुमति दे दी गई.देर रात अचानक शुरू हुए इस अभियान से बालू के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने स्पष्ट किया कि बिना वैध दस्तावेज के बालू का खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. प्रशासन की ओर से क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए आगे भी औचक जांच और सघन चेकिंग अभियान जारी रखने की तैयारी है. अधिकारियों ने वाहन चालकों से सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की है.




