सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड के रापचा पंचायत भवन में बादूबाद, सिधाडीह, कालिकापुर, उपरबेड़ा, सीतारामपुर डैम तथा टाटा-कांड्रा रोड के विस्थापित परिवारों की बैठक हुई. इस अवसर पर विस्थापितों की समस्याओं, रोजगार, मुआवजा, पुनर्वास और क्षेत्रीय विकास सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई. बैठक की अध्यक्षता बोकेशवर महतो ने की. मौके पर बतौर मुख्य अतिथि झारखंड आंदोलनकारी हरमोहन महतो ने कहा कि विस्थापित परिवारों को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकार दिलाने के लिए संगठित संघर्ष आवश्यक है. उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों से एकजुट होकर अपनी आवाज़ बुलंद करने और संगठन को मजबूत बनाने की अपील की. बैठक में निर्णय लिया गया कि विस्थापितों की लंबित समस्याओं को प्रशासन और कंपनी प्रबंधन के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही प्रत्येक प्रभावित गांव में जनजागरूकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक विस्थापित परिवारों को संगठन से जोडऩे का संकल्प लिया गया. बैठक में संजय मंडल, मनोज महाली, लखन महाली, सबिता महतो, वीणा महतो, भरत मंडल, अजय मार्डी, बाबूलाल मार्डी, आशीष हांसदा, शिशिर मंडल, महादेव महतो, राकेश महाली सहित काफी संख्या में विस्थापित परिवारों के सदस्य उपस्थित रहे.




