सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित खूंचीडीह की बंद पड़ी कोहिनूर स्टील कंपनी में शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने छापेमारी की. सुबह करीब पांच बजे कंपनी परिसर पहुंची ईडी की टीम ने लगभग आठ घंटे तक जांच-पड़ताल की. दोपहर बाद टीम वहां से रवाना हुई. इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. मिली जानकारी के अनुसार, कोहिनूर स्टील कंपनी में पावर प्लांट स्थापित करने के नाम पर विभिन्न बैंकों से करीब 900 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था. आरोप है कि इतनी बड़ी रकम ऋण के रूप में लेने के बावजूद कंपनी प्रबंधन ने प्रस्तावित पावर प्लांट स्थापित नहीं किया. इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद ईडी की कार्रवाई को उक्त मामले से जोड़कर देखा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

छापेमारी के दौरान ईडी के अधिकारियों ने कंपनी परिसर में मौजूद विभिन्न दस्तावेजों की जांच की. बताया जा रहा है कि टीम कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने साथ ले गई है. इसके अलावा कंपनी परिसर की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई. हालांकि, जांच के दौरान किन दस्तावेजों को खंगाला गया और अधिकारियों को क्या साक्ष्य मिले, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. (नीचे भी पढ़ें)
कंपनी बंद होने और 900 करोड़ के ऋण पर उठ रहे सवाल : कोहिनूर स्टील जैसी बड़ी औद्योगिक इकाई लंबे समय से बंद पड़ी है. अब करीब 900 करोड़ रुपये के कथित बैंक ऋण और पावर प्लांट स्थापित नहीं होने की शिकायत के बीच ईडी की कार्रवाई ने मामले को चर्चा में ला दिया है. स्थानीय स्तर पर कंपनी को मिले ऋण और उसके इस्तेमाल को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल ईडी की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. अब सबकी निगाहें जांच की अगली कार्रवाई और ईडी के आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं.












