राजनगर: राजनगर थाना क्षेत्र के गम्हरिया पंचायत अंतर्गत पाण्डुगीति में ट्रैक्टर की चपेट में आकर पांच वर्षीय मासूम श्रीराम मार्डी की मौत हो गई. घटना बुधवार सुबह करीब नौ बजे की है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सरायकेला भेज दिया. जानकारी के अनुसार पाण्डुगीति निवासी धानोराम मार्डी अपने खेत में के खेत में ट्रैक्टर से गोबर डालवा रहा था. गोबर डाल कर जब ट्रैक्टर वापस आ रही थी, तो इस दौरान धानोराम मार्डी का पुत्र श्रीराम मार्डी (उम्र 5) एवं दो अन्य बच्चे घर जाने के लिए ट्रैक्टर पर चढ़ गए. कुछ दूर गाड़ी चलने के बाद दो बच्चे उतर गए.(नीचे भी पढ़े)
इसके बाद केवल चालक और 5 वर्षीय श्रीराम मार्डी ट्रैक्टर से आने लगे. इसी दरम्यान एक खेत के मेढ़ पर ट्रैक्टर का चक्का चढ़ा और हिल जाने से बालक श्रीराम मार्डी का पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर गया. ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीण और बच्चे के माता-पिता भी घटना स्थल पहुंचे और तुरंत बच्चे को राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने श्रीराम मार्डी को मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद बालक के माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है. बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर नजदीक के गांव बगराईसाई का था.



