
सरायकेला : देशभर में कोरोना संकट को लेकर सरकार द्वारा 3 महीने तक लगाए गए लॉकडाउन के दौरान रियायत देने के उद्देश्य से भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य ब्रह्मानंद झा ने झारखंड सरकार से 3 महीने का बिजली बिल माफ किए जाने की मांग की है. कोविड-19 संक्रमण रोकने को लेकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा देश भर में लगाए गए 3 महीने के लॉक डाउन से मध्यम वर्गीय परिवार और मजदूरी करने वाले लोग काफी प्रभावित हुए हैं. इसको देखते हुए भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल जिला कार्यसमिति सदस्य ब्रह्मानंद झा उर्फ नुनू झा के नेतृत्व में राज्य सरकार के नाम एक ज्ञापन आयडा स्थित विद्युत अधीक्षण अभियंता को सौंपा. सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से इन्होंने 3 महीने का बिजली बिल माफ किए जाने की मांग की है. ब्रम्हानंद झा ने बताया कि आज सरकार के विभिन्न विभागों द्वारा लॉकडाउन को देखते हुए रियायत दी जा रही है, ठीक उसी तरह बिजली बिल माफ किए जाने संबंधित रियायत भी प्रदान की जाए. इस दौरान आरआईटी मंडल भाजपा के कई सदस्य मौजूद रहे.













