
सरायकेला : एक तरफ राज्य पुलिस महानिदेशक ने मंगलवार को जमशेदपुर से कोल्हान के नक्सलियों के खात्मे की हुंकार भरी, वहीं 24 घंटे के भीतर ही नक्सलियों ने सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए पुलिस को खुली चुनौती दे डाली. जहां मंगलवार देर रात सरायकेला-खरसावां पुलिस और नक्सलियों के बीच रोलाहातु के जंगलों से मुठभेड़ की सूचना मिली है. वैसे सभी नक्सली पुलिस को चुनौती देते हुए अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे. हालांकि सरायकेला एसपी के नेतृत्व में बुधवार दोपहर तक इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी रहा. आपको बता दें कि इलाके में कुख्यात नक्सली महाराज प्रामाणिक दस्ते का आतंक है और लगातार वह पुलिस को चुनौती दे रहा है. संभावना जताई जा रही है कि महाराज प्रमाणिक दस्ते के साथ ही पुलिस का मुठभेड़ हुआ है. वैसे इस मुठभेड़ में कोई अप्रिय घटना की सूचना नही है. वहीं बीते रविवार को चाईबासा में सीआरपीएफ और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में एक सीआरपीएफ का जवान घायल हो गया था, जिसे एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया था. ऐसे में राज्य पुलिस महानिदेशक के दावों पर कितना भरोसा किया जाए ये समझ से परे है.





