
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर पुलिस ने गौ तस्करी के मामले में स्थानीय लाइट सिग्नल के पास से बुधवार तड़के एक कार से तीन गौवंश बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार भी किया है. हालांकि इस मामले में एक युवक भागने में सफल रहा. पकड़ाए तस्करों में ओड़िशा का मयूरभंज जिला निवासी शेख उस्मान, शेख दिलावर और दीपू गिरि शामिल है. पुलिस फरार तस्कर बबलू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. घटना के संबंध में बिष्टुपुर थाना प्रभारी विष्णु राउत ने बताया कि बुधवार सुबह 3 बजे थाना द्वारा गश्ती अभियान चलाया जा रहा था. सिग्नल के पास एक पंचर कार रुकी हुई थी. पुलिस को देखते ही सभी कार लेकर भागने लगे. पुलिस ने उन्हे खदेड़कर पकड़ा. जब कार की जांच की गयी, तो उसमें से तीन गौवंश पाया गया. पूछताछ में इनके द्वारा बताया गया कि ये लोग मानगो में चोरी के गौवंश को लेकर ओड़िशा की ओर जा रहे थे. फिलहाल सभी गौवंश को कलियाडीह गौशाला भेज दिया गया है औऱ पकड़ाए युवकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.






