सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिले में अवैध बालू खनन, परिवहन व भंडारण को लेकर जिला खनन विभाग का एक्शन जारी है. जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति ने बुधवार को ईचागढ़ थाना क्षेत्र के छोटचुनचुनरिया के समीप औचक छापामारी की. छापेमारी के क्रम में खनन पदाधिकारी ने अवैध बालू का परिवहन कर रहे 4 ट्रैक्टर को जब्त करते हुए ईचागढ़ थाना के हवाले करते हुए अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि इतनी कार्रवाइयों के बाद भी क्षेत्र में अवैध बालू का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. हर रोज नदियों से अवैध तरीके से बालू का उठाव हो रहा है. पहले रात के अंधेरे में बालू माफिया खनन करते थे लेकिन अब उनके हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिन के उजाले में भी अवैध तरीके से बालू का खनन कर रहे हैं.



