जमशेदपुर : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समाहरणालय सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर “जल महोत्सव पखवाड़ा” की शुरुआत की गई. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान एवं आदित्यपुर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर जल महोत्सव पखवाड़े का औपचारिक शुभारंभ किया. (नीचे भी पढ़ें)

उप विकास आयुक्त ने इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं, और देश का नाम रौशन कर रही हैं. उन्होंने महिलाओं द्वारा रक्षा, खेल, उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की. कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त ने “जल महोत्सव पखवाड़ा” के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जल महोत्सव पखवाड़ा का आयोजन आज, 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)

भारत सरकार द्वारा इस संबंध में तिथिवार कार्यक्रमों के आयोजन के निर्देश प्राप्त हुए हैं. सभी कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के तिथिवार सफल आयोजन को लेकर उप विकास आयुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करनेवाले जल सहिया एवं मुखिया को उपायुक्त ने 22 मार्च 2026 को सम्मानित करने की बात कही. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करनेवाले मुखिया एवं जल सहियों को सम्मनित किया गया. इस दौरान आदित्यपुर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यापालक अभियंता ने जल महोत्सव पखवाड़ा के तहत जिला, प्रखंड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी. कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, जमशेदपुर, आदित्यपुर के सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, सभी जिला समन्वयक, सभी प्रखण्डों के वाश समन्वयक, मुखिया एवं जल सहिया उपस्थित रहे.







