सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हरिया थाना अंतर्गत बोलायडीह में शनिवार की दोपहर एक बजे अपराधियों ने कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया. यहां शीतला मंदिर के समीप घात लगाए बैठे अपराधियों ने 27 वर्षीय युवक जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा पर चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया. दिनदहाड़े हुई इस नृशंस हत्या के बाद से पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के वक्त घटनास्थल के आसपास कई लोग मौजूद थे. अचानक चार से पांच की संख्या में आए अपराधियों ने जगन्नाथ को घेर लिया और उस पर धारदार चापड़ से हमला कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
अपराधियों के हाथों में चमकते हथियार और उनके खौफ को देखकर मौके पर मौजूद भीड़ मूकदर्शक बनी रही. किसी की भी आगे बढ़ने की हिम्मत नहीं हुई। जगन्नाथ को लहूलुहान कर मौत की नींद सुलाने के बाद सभी हमलावर हवा में हथियार लहराते हुए बड़े आराम से मौके से फरार हो गए. इस जघन्य हत्याकांड ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह से उजाड़ कर रख दिया है. मृतक जगन्नाथ गोप अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है. बदकिस्मती ऐसी कि करीब दो साल पहले ही जगन्नाथ की पत्नी पार्वती गोप का निधन हो गया था. पत्नी की मौत के बाद जगन्नाथ ही इन मासूमों का एकमात्र सहारा था. अब पिता का साया भी छिन जाने से दोनों बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है. वारदात की अधिकारिक सूचना मिलते ही गम्हरिया और आदित्यपुर थाने की पुलिस बल के साथ-साथ एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ भी फौरन मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और वहां से साक्ष्य जुटाए. हत्यारों की धरपकड़ और पहचान के लिए पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाल रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश का लग रहा है. पुलिस हर संभावित पहलू पर गहन तफ्तीश कर रही है और दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.




