सरायकेला: सरायकेला खरसावां के गम्हरिया प्रखण्ड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय रघुनाथपुर में बारिश के कारण जलजमाव की समस्या बहुत गंभीर हो गयी है. स्कूल परिसर में घुटने भर पानी जमा हो गया है, जिससे छात्र-छात्राओं को स्कूल आने में काफी दिक्कत हो रही है. इस समस्या के बावजूद शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन समिति मौन है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. जलजमाव के कारण छात्र- छात्राओं को विद्यालय जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. विद्यालय परिसर, प्रधानाध्यापक कक्ष, पढ़ने के रूम और मुख्य प्रवेश द्वार के सामने घुटना भर पानी जमा हो गया है, जिसे पार स्कूल बच्चे स्कूल गए और छुट्टी के बाद वे उसे ही पार निकल रहे है. बारिश के कारण गंदे पानी का जमाव हो जाने से न सिर्फ छात्र- छात्राओं को बल्कि शिक्षक- शिक्षिकाओं को भी स्कूल आने- जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
मेन रोड का पानी बहकर विद्यालय प्रांगण में जमा हो जाता है, जिससे बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है. विद्यालय आने वाले बच्चे घुटने भर पानी, कीचड़ और दुर्गंध से होकर गुजरने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है. विद्यालय भवन के ऊपर से हाई वोल्टेज तार पार हो रहा है, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है. स्थानीय निवासी सुदाम गिरी ने प्रशासन से अविलंब जल निकासी की व्यवस्था और हाई वोल्टेज तार को हटवाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.











