सरायकेला : जिले के राजनगर थाना पुलिस ने बीते 6 जून की रात बड़ा बाना कैंप से चोरी गया हाइवा 24 घंटे के भीतर बरामद कर इस संबंध में दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस संदर्भ में आरके कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत ओड़िशा के मयूरभंज जिलांतर्गत सिदाडीह ग्राम निवासी दीनबंधु हेंब्रम ने राजनगर थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सरायकेला एवं सरायकेला अंचल के इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई, जिस टीम ने तकनीकी सहयोग से 24 घंटे के अंदर-अंदर दो अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया हाइवा भी बरामद कर लिया. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि गिरफ्तार अपराधियों में विशाल सिंह बिहार के वैशाली जिले का स्थायी निवासी है, जबकि सुमन कुमार मंडल बिहार के कटिहार जिले का निवासी है. दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस के समक्ष चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने इस सफलता पर पूरी पुलिस टीम को बधाई दी है.











