
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला के कांड्रा पदमपुर स्थित आधुनिक पावर प्लांट के विस्थापित ग्रामीणों ने सोमवार से कंपनी के मुख्य गेट को अनिश्चित काल के लिए बंद कर आरपार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है. आंदोलनरत ग्रामीणों के द्वारा आधुनिक पावर प्लांट प्रबंधन पर यहां के जमीनदाता मजदूरों के साथ शोषण और पिछले 10 सालों से मूल रैयतों को नौकरी और मुआवजा के लिए टालमटोल का आरोप लगाया गया है. उन्होंने बताया कि इससे उनका सब्र जवाब दे गया और सोमवार से प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया. वैसे इसको लेकर पिछले दिनों ग्रामीणों ने राज्य के मंत्री सह स्थानीय विधायक चम्पई सोरेन से शिकायत करते हुए एक मांग पत्र सौंपा था. साथ ही जमीन दाताओं ने ऐलान किया था कि अगर 7 फरवरी तक इनकी मांगों पर विचार नहीं किया जाता है, तो 8 फरवरी से कंपनी गेट को पूरी तरह से जाम कर दिया जाएगा. हालांकि मंत्री चंपई सोरेन ने ग्रामीणों की मांग को जायज बताते हुए जिला प्रशासन से जांच कर ग्रामीणों को उनका अधिकार दिलाने संबंधी निर्देश जारी करने का भरोसा दिलाया था, लेकिन इस बार ग्रामीण आरपार की लड़ाई के मूड में नजर आ रहे हैं. जहां उन्होंने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है. आपको बता दें कि आधुनिक पावर प्लांट पदमपुर गांव के ग्रामीणों के जमीनों का अधिग्रहण कर बना है.














