
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के छोटा खीरी गांव के ग्रामीणों ने अपने ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान विमल महतो पर विकास की योजनाओं के साथ हेराफेरी करने का आरोप लगाते हुए जिले के उपायुक्त से पुनः ग्राम प्रधान का चुनाव कराए जाने की मांग की. ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की ओर से जारी हर तरह के फंड बाहरी लोगों की साठगांठ से कहीं और हस्तांतरित किया जा रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि विकास मद में आए सोलर लाइट से लेकर इंदिरा आवास तक की योजना में ग्राम प्रधान धांधली कर रहे हैं. ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि अगर इस मामले पर जिले के उपायुक्त गंभीरता नहीं दिखाते हैं, तो आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा.













