
सरायकेला : कोल्हान डीआईजी राजीव रंजन सिंह शनिवार को सरायकेला पहुंचे. यहां उन्होंने ऑटो क्लस्टर सभागार में जिला पुलिस द्वारा आयोजित क्रिमिनल लॉ और अनुसंधान विषय पर आयोजित कार्यशाला में 2018 बैच के प्रशिक्षु पुलिस अधिकारियों के कार्यों को जाना. वहीं डीआईजी ने सीआरपीसी, सीडीआर एनालिसिस, सोशल पुलिसिंग पर मौजूद सभी प्रशिक्षुओं से जानकारी साझा करते हुए कुछ विषयों पर थोड़ा और सुधार किए जाने की बातें कहीं. डीआईजी ने बताया कि आनेवाले दिनों में इन प्रशिक्षुओं को थाने की जिम्मेवारी मिलेगी, ऐसे में इन्हें हर दृष्टिकोण से तैयार करना है, ताकि भविष्य में ये बेहतर ऑफिसर इंचार्ज की भूमिका निभा सकें. उन्होंने विभाग में तकनीक को मजबूत बनाने की वकालत की. तकनीकी रूप से इन्हें प्रशिक्षित किए जाने की बातें उन्होंने कही. पुलिस अधिकारियों को आनेवाले समय में कैसे काम करना है उक्त कार्यशाला में इसकी विस्तार से परिचर्चा की गई. वहीं पुलिस कर्मियों के लिए कानून में क्या नियम हैं, साथ ही केसों के अनुसंधान में आनेवाली परेशानियों से कैसे निपटना है, इसकी जानकारी जमशेदपुर कोर्ट के सरकारी अधिवक्ता जयप्रकाश ने दी. वहीं प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टरों ने इसे एक बेहतर पहल बताते हुए ऐसे कार्यशाला के माध्यम से विभाग के नियम और कानून जानने का एक बेहतर अवरस बताया. आपको बता दें इससे पूर्व जमशेदपुर में भी इस कार्यशाला का आयोजन किया जा चुका है. जो काफी सफल भी हुआ था.






