जमशेदपुर: सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री एवं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैटेरियल मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में, मेसर्स एकेएस कंसल्टेंसी एवं ईस्टर्न ट्रेड लिंक के सहयोग से रविवार, 1 नवंबर 2026 को संध्या 5:00 बजे से चैम्बर भवन में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी ) विषय पर एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है.इस संबंध में चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि वर्तमान समय में औद्योगिक इकाइयों एवं बहुमंजिला भवनों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त एवं प्रभावी इंतजाम सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक हो गया है. औद्योगिक प्रतिष्ठानों के सुरक्षित संचालन के साथ-साथ भवनों में रहने वाले एवं कार्य करने वाले लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए फायर सेफ्टी एक अनिवार्य आवश्यकता है. आज छोटे-बड़े शहरों में बहुमंजिला इमारतों का निर्माण तेजी से हो रहा है, लेकिन कई स्थानों पर पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का अभाव देखने को मिलता है. इसके कारण आगजनी की घटनाओं में जान-माल का भारी नुकसान होता है. इसी महत्वपूर्ण विषय पर जागरूकता बढ़ाने तथा उद्योग जगत, भवन निर्माताओं एवं आम नागरिकों को आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस सेमिनार का आयोजन किया जा रहा है.(नीचे भी पढ़े)
चैम्बर के मानद महासचिव पुनीत कांवटिया ने बताया कि सेमिनार में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश दीपक रोशन उपस्थित रहेंगे. वहीं मुख्य वक्ता के रूप में टाटा कमिन्स, जमशेदपुर के महाप्रबंधक मुकेश सिंह अपने विचार एवं तकनीकी अनुभव साझा करेंगे.इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथि के रूप में जुस्को के प्रबंध निदेशक अतुल भटनागर, झारखंड होमगार्ड एवं फायर सर्विसेज के पूर्व डीआईजी दीपक सिन्हा, तथा जमशेदपुर सिटीजन्स फोरम के अध्यक्ष एके श्रीवास्तव उपस्थित रहेंगे.चैम्बर के उपाध्यक्ष (उद्योग) हर्ष बाकरेवाल एवं सचिव (उद्योग) बिनोद शर्मा ने बताया कि सेमिनार के तकनीकी सत्र में औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं, आवश्यक सावधानियों एवं सुरक्षा मानकों पर दीपक सिन्हा विस्तृत जानकारी देंगे. वहीं बहुमंजिला भवनों में अग्नि सुरक्षा के उपायों, फायर फाइटिंग सिस्टम, आपातकालीन निकासी एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं पर मुकेश सिंह तकनीकी जानकारी साझा करेंगे. इस सेमिनार के माध्यम से औद्योगिक प्रतिष्ठानों, भवन निर्माताओं, व्यवसायियों एवं आम नागरिकों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित कार्यस्थल एवं आवासीय वातावरण के निर्माण के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा.












