
जमशेदपुर : जमशेदपुर के यात्रियों के लिए एक बुरी खबर है. रेलवे ने टाटानगर से होकर चलने वाली दो ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है. ये ट्रेनें गुरुवार से अगले आदेश तक रद्द की गई है. रद्द की गई ट्रेनों में टाटा से चलकर हावड़ा जाने वाली स्टील एक्सप्रेस और हावड़ा से चलाकर टाटानगर होते हुए बड़बिल को जाने वाली हावड़ा बड़बिल जन शताब्दी एक्सप्रेस शामिल है. कोविड के दौरान लॉक डाउन के बाद रेलवे ने सभी ट्रेनों को स्पेशल ट्रेनों के नाम।से परिचालन शुरू किया था. यात्रियों की संख्या में कमी को देखते हुए रेलवे ने इन दोनो ट्रेनों को अगले आदेश तक रद्द करने का फैसला लिया है. मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जन शताब्दी एक्सप्रेस के एसी चेयरकार में मात्र 34 और चेयरकार में दो सौ यात्री सफर कर रहे है जबकि हावड़ा से चलकर टाटा आने वाली स्टील एक्सप्रेस के एसी चेयर कार में मात्र 5 और जनरल में 64 यात्रियों ने टिकट लिया है. इधर इन दोनो ट्रेनों के रद्द होने से सबसे ज्यादा कारोबारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. टाटानगर से कई यात्री जिनमें अधिकतर व्यवसायी होते हैं वे हर दिन स्टील एक्सप्रेस या जन शताब्दी से माल लेने हावड़ा को जाते हैं और शाम वाली इसी की डाउन ट्रेन से वापस आते हैं. जबकि कई व्यवसायी अपने उधार के पैसों की वसूली के लिए जन शताब्दी से सुबह 10 बजे टाटानगर पहुंचते हैं और शाम चार 50 बजे वाली जन शताब्दी से वापस लौट जाते हैं.











