
जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे द्वारा आरपीएफ पोस्ट में होने वाले अतिरिक्त खर्च पर भारी कटौती की गई है. जोन की ओर से गार्डेन रीच स्थित कार्यालय से एक आदेश निर्गत किया गया है जिसमें बताया गया है कि दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत आने वाले सभी आरपीएफ पोस्ट को इम्प्रेस्ट मनी(अतिरिक्त खर्च) के लिए अब हर माह दो हजार रुपये ही दिए जाएंगे. इस आदेश के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले आठ मेन पोस्ट बुरी तरह से प्रभावित होने वाले है जिसमें टाटा नगर का आरपीएफ पोस्ट भी शामिल है. अतिरिक्त खर्च में पोस्ट की साफ-सफाई, स्टेश्नरी से लेकर चाय नाश्ते के खर्च के अलावा किसी अपराधी को पकड़े जाने के बाद उसके खान-पान का भी खर्च शामिल है. पूर्व में इसके लिए 10 हजार से लेकर 12 हजार रुपये तक मिला करते थे. वो भी पोस्ट को एक साल से नहीं मिला है. वहीं इस आदेश के बाद से ही पोस्ट में परेशानियां बढ़ना तय है. यह आदेश जोन की ओर से जून माह में ही जारी कर दिया गया था पर आरपीएफ पोस्ट में यह कुछ दिनों पहले ही प्राप्त हुआ है.






