
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा के माटिहाना-चाकुलिया सड़क पर बीती रात जामिरडिहा गांव के पास बाइक से गिरकर धरमपुर गांव निवासी सोनाराम टुडू (19) गंभीर रूप से घायल हो गया. जख्मी युवक को मानवता दिखाते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्र नेता राजू महतो ने एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने के कारण निजी बाइक से बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज के लिए एमजीएम रेफर कर दिया है. मिली जानकारी के अनुसार सोनाराम टूडू अपने गांव से मानुषमुड़िया की ओर बाइक से जा रहा था. बाइक अनियंत्रित होने के कारण वह सड़क पर गिर पड़ा और वह जख्मी हो गया. घटना की सूचना पर भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष कौशिक माइती, केयू के पूर्व उपसचिव कुणाल सीट, अनूप राऊत, शुभम राणा, अक्षय महेश्वरी, सोनू महाकुड़, संदीप दुबे, अनल कमीला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घायल युवक को आर्थिक मदद की.















