चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके चीफ विजय मंगलवार को अन्नाद्रमुक विधायक सीवी षणमुगम के ऑफिस पहुंचे और पार्टी के बागी विधायकों से मुलाकात की. इस दौरान अन्नाद्रमुक विधायक एसपी वेलुमणि भी मौजूद थे. षणमुगम और वेलुमणि ने अन्नाद्रमुक के कई विधायकों के साथ विजय की सरकार को समर्थन देने की घोषणा की है. जानकारी के अनुसार करीब 30 विधायक बागी खेमे में हैं. अन्नाद्रमुक ने 164 सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन सिर्फ 47 सीटें जीत सकी. तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ गया है. तमिलनाडु में कल टीवीके सरकार का फ्लोर टेस्ट है. 234 सदस्यों की विधानसभा में टीवीके के पास 108 विधायक हैं. (नीचे भी पढ़े)
टीवीके को कांग्रेस, लेफ्ट, आईयूएमएल और वीसीके के 13 विधायकों का समर्थन मिला है. यानी विजय के पास 121 विधायकों का समर्थन है. बहुमत के लिए 118 विधायक चाहिए. अगर अन्नाद्रमुक के 30 विधायक टीवीके सरकार को समर्थन देते हैं, तो गठबंधन में कुल विधायकों की संख्या 151 हो जाएगी. इससे पूर्व षणमुगम ने कहा- हमने अन्नाद्रमुक की स्थापना डीएमके के खिलाफ की थी. 53 सालों से हमारी राजनीति डीएमके के खिलाफ रही है. इसे देखते हुए एक प्रस्ताव रखा गया था, जिसमें सुझाव दिया गया था कि डीएमके के समर्थन से अन्नाद्रमुक की सरकार बनाई जाए. हालांकि, हमारे ज्यादातर सदस्यों ने इसे अस्वीकार कर दिया और इसका विरोध किया.







