
टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर सड़क दुर्घटना में व्यक्ति की मौत
सरायकेला : सरायकेला जिले के चौका थाना अंतर्गत टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर झाबरी के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई. मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. चौका थाना की गश्ती दल को मृतक बुरी तरह से जख्मी हालात में फोरलेन सड़क पर मिला. उसका एक हाथ टूटा हुआ है और शरीर के विभिन्न भागों में जख्म के निशान हैं. संभावना जताई जा रही है कि सोमवार की रात किसी अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया होगा या किसी वाहन से गिर गया होगा. चौका थाना की पुलिस गश्ती दल ने उसे तत्काल इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल चांडिल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस संबंध में चौका थाना प्रभारी अभिषेक प्रताप ने बताया कि मृतक व्यक्ति लुंगी और गंजी पहना हुआ है. मृतक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है. विभिन्न माध्यमों से मृतक का फोटो शेयर कर लोगों से उसकी पहचान कर घटना की सूचना परिजनों तक पहुंचाने की अपील की गई है. उन्होंने बताया कि झाबरी पंचायत के मुखिया को भी लाश की पहचान कराने के लिए बुलाया गया है. पहचान नहीं होने की स्थिति में शव को एमजीएम अस्पताल में रखवा दिया जाएगा. वहीं दूसरी ओर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है. (नीचे भी पढ़ें)

टाटा- कांड्रा मार्ग पर अनियंत्रित होकर पिकअप वैन डिवाइडर पर चढ़ा, स्ट्रीट लाइट क्षतिग्रस्त
आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर शेर- ए- पंजाब चौक के समीप अनियंत्रित पिकअप वैन डिवाइडर पर चढ़ गया और स्ट्रीट लाइट में जा टकराया, जिससे स्ट्रीट लाइट क्षतिग्रस्त हो गया. वैसे गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को कब्जे में ले लिया. वही जेआरडीसीएल स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने में जुट गई. बताया जा रहा है कि पिकअप वैन कांड्रा से बिष्टुपुर की तरफ जा रही थी.













