जमशेदपुर : जमशेदपुर में बिगड़ती विधि-व्यवस्था और दिनोंदिन बढ़ते अपराध के विषय में कारवाई सुनिश्चित करने की मांग को लेकर भाजमो जमशेदपुर महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव के नेतृत्व में जिला के एसएसपी को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में बताया गया की विगत कई महीनों से जमशेदपुर में किसी ना किसी स्थान पर रोज चोरी एवं छिनतई की घटना दिनदहाड़े घट रही है. चोरों का गिरोह पूरे शहर में सक्रिय है, मकान मालिक के घर से जाते ही चोर बिना डर भय के घरों में घुसकर सामान साफ कर देते हैं. थाना के जीप चालक एवं सिपाही (होमगार्ड) तक की संलिप्लता की शिकायत मिलते रहती है. उनका काम कौन मकान का निर्माण कहाँ हो रहा है किसका छज्जा कहाँ बन रहा है बस उसके वसूली में थाना प्रभारियों के शह में यह कार्य हो रहा है. दो व्यक्तियों के झगड़ों में दोनों से एफआईआर करवाकर थानों में वसूली का काम किया जा रहा है. इससे लोगों में थानों पर से विश्वास उठ रहा है. गलियों, मुहल्लों में रात्रि में पेट्रोलिंग नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ा है. पहले तो अपराध रात में होता था अब दिन के उजाले में अपराधिक घटनाएं घट रही है. कई थानों में अधिकारी वर्षों से इसी जिले में जमे हैं. इसकी जांच पड़ताल कर इस संबंध में नियमसम्मत कार्रवाई की जानी चाहिए. नशाखोरी से बड़ा गिरोह नशे के व्यापारियों का है. ब्राउन शुगर एवं अन्य घातक नशीले पदार्थों की सप्लाई गली-मुहल्लों तक होने से अपराध अनियत्रिंत हो रहा है. नशे के व्यापारियों पर शिकांजा कसना अति आवश्यक है. अराजकता न फैले इसके लिए पुलिस के बड़े अधिकारियों का थानों का नियमित निरीक्षण किया जाना चाहिए एवं गलत कार्यों में संलिप्त अधिकारियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्यवाई की जानी चाहिए. इन अपराधिक घटनाओं से जमशेदपुर की कानून व्यवस्था में लगातार गिरावट हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
जनता का विश्वास पुलिस पर से हट रहा है. जनता के मन में भय व्याप्त हो गया है कि अपराधिक घटनाओं के बाद वे किससे गुहार लगाए. भारतीय जनतंत्र मोर्चा का अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु ध्यान आकृष्ट करना हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है. हम जनता के प्रति जबावदेह है. भाजमो प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी से कहा कि उपरोक्त बिंदुओ पर तत्काल कार्यवाई कर अपराध में कमी लाने की दिशा में कार्यवाई की जाए जिससे जनता में पुलिस के प्रति विश्वास कायम हो सके नहीं तो भारतीय जनतंत्र मोर्चा जमशेदपुर महानगर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को बाध्य होगी. इस दौरान मुख्य रूप से भाजमो जिला महामंत्री कुलविंदर सिंह पन्नु, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर राव, विधायक निजि सचिव सुधीर सिंह, व्यवसायिक प्रतिनिधि सह जिला प्रवक्ता आकाश शाह, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष राजेश प्रसाद, भागवत मुखर्जी, विनोद राय, त्रिलोचन सिंह, विनित कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे.













