
जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में लगातार तीन दिनों तक काम नहीं होगा. टाटा मोटर्स ने शनिवार 13 अगस्त को ब्लॉक क्लोजर लिया है. 13 अगस्त को ब्लॉक क्लोजर का सर्कुलर प्लांट हेड विशाल बादशाह की ओर से गुरुवार को जारी किया गया है. 13 अगस्त को ब्लॉक क्लोजर के बाद 14 अगस्त को रविवार की साप्ताहिक छुट्टी रहेगी जबकि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस की राष्ट्रीय छुट्टी रहेगी. इस टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में 16 अगस्त मंगलवार को फिर से कामकाज शुरू होगा. टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट में कमर्शियल वाहन का उत्पादन होता है. आपको बता दें कि बरसात के मौसम में अक्सर इस तरह का उत्पादन में कमी आती है, जिस कारण ब्लॉक क्लोजर कंपनी लेती रही है. जुलाई और अगस्त माह में कई दिन ब्लॉक क्लोजर कंपनी ले चुकी है. ब्लॉक क्लोजर के दौरान कंपनी के कर्मचारियों को आधा वेतन मिलता है जबकि आधा वेतन कंपनी वहन करती है यानी जितना ज्यादा ब्लॉक क्लोजर होगा उतना कर्मचारियों को ही नुकसान होना है. वैसे कुछ विशेष काम के लिए कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर बुलाया जाता है. इस दौरान उनकी छुट्टी काट दी जाती है. टाटा मोटर्स और यूनियन के बीच ब्लॉक क्लोजर को लेकर कई बार वार्ता होने के बाद एक समझौता भी हुआ है, जिसमें साल में तय है कि कितना ब्लॉक क्लोजर लिया जा सकता है. उसी समझौता को आधार बनाकर कंपनी ब्लॉक क्लोजर लेती है. कंपनी के जारी सर्कुलर के मुताबिक ब्लॉक क्लोजर के दिन किसी तरह की छुट्टी को मंजूर नहीं की जाएगी.




