जमशेदपुर : टाटा मोटर्स के जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के बोनस की राशि सोमवार को सारे कर्मचारियों के एकाउंट में चला गया. करीब 5600 स्थायी कर्मचारियों और बाइसिक्स के 3700 कर्मचारियों के एकाउंट में पैसे चले गये. इसके बाद कर्मचारियों में काफी खुशी देखी जा रही है. कर्मचारी बोनस की राशि को लेकर काफी खुश नजर आ रहे है. कर्मचारियों को इस साल 10.67 फीसदी बोनस मिलेगा. इसके तहत अधिकतम 51500 रुपये जबकि न्यूनतम 38200 रुपये बोनस की राशि भेजी गयी है. 9300 से अधिक कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में यह राशि दी गयी है. बाइसिक्स कर्मचारियों को बेसिक व डीए का 8.33 फीसदी बोनस दी गयी है. बोनस की राशि पहुंचने के बाद अब स्थायीकरण की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. आपको बता दें कि बोनस समझौता के साथ 201 अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने का समझौता हुआ है. इस समझौता के तहत कर्मचारियों के स्थायीकरण की सूची भी लगायी जायेगी. टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के स्तर पर एक बार फिर से मैनेजमेंट के अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद दो से तीन दिनों के भीतर तय हो जायेगा कि कब से स्थायीकरण होगा और उसकी प्रक्रिया क्या होगी. टाटा मोटर्स में पिछले पांच सालों में बोनस के दौरान 1133 बाइसिक्स कर्मचारियों का स्थायीकरण हो चुका है. सुपर न्यूएशन के तहत आने वाले करीब 300 कर्मचारियों को 11200 रुपये का अनुदान भी दिया गया है. टाटा मोटर्स में कार्यरत 5 नर्सों समेत कुल 201 कर्मचारी स्थायी होंगे.




