
लखनऊ : टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को तलाशने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की. योगी आदित्यनाथ के निवेश को लेकर दिये गये आमंत्रण पर वे वहां मिलने पहुंचे थे. ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट 2023 के आयोजन को लेकर भी दोनों ही लीडरों के बीच वार्ता हुई है. मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने बताया कि फरवरी 2023 में ग्लोबल इनवेस्टर्स मीट का आयजोन होना है. निवेश को लेकर एक माहौल उत्तर प्रदेश में बनाया गया है और राज्य सरकार चाहती है कि आने वाले पांच सालों में उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बने. इस दौरान अपने संबोधन में टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के जरिये राज्य के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और राज्य सरकार जो प्रयास कर रही है, वह काबिल-ए-तारीफ कदम है. श्री चंद्रशेखरन ने बताया कि टाटा समूह सॉफ्टवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, मेडिकल, एविएशन समेत कई क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश में निवेश कर चुकी है. उत्तर प्रदेश में हो रहे आधारभूत संरचनाओं के तहत कार्यों की सराहना चेयरमैन ने की. इससे पहले टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन अयोध्या स्थित रामलला का दर्शन करने भी गये. इस दौरान उन्होंने राम मंदिर परिसर में टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स के युवा इंजीनियरों से मुलाकात भी की. वहां मंदिर में टाटा संस की टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स की टीम काम कर रही है. इस दौरान एन चंद्रशेखरन के पास उनकी धर्मपत्नी भी थी. चंद्रशेखरन दंपति ने रामजन्मभूमि और हनुमान गढ़ी मंदिर में जाकर पूजा अर्चना भी की. उन्होंने यहां प्हसाद भी चढ़ाया और भगवान राम को अंगवस्त्र भी पहनाया.






