वाराणसी : वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में शनिवार सुबह गोली चलने से हड़कंप मच गया. एक पीएसी जवान की बंदूक से गलती से चली गोलने से तीन लोगों के घायल होने की सूचना है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंदिर के गेट नंबर 4 के पास अचानक गोली चलने के बाद वहां अफरातफरी मच गई. तीनों जख्मी लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है,जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है. (नीचे भी पढ़ें)
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर 4बी के पास तैनात एक पीएसी जवान की सरकारी बंदूक से अचानक गोली चल गई, जिससे तीन लोग जख्मी हो गए. गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई. उधर गोली की आवाज सुनाई देते ही वहां अफरातफरी मच गई, हालांकि गोली चलने के तुरंत बाद सुरक्षा के लिए तैनात अन्य पीएसी अधिकारियों ने वहां पहुंच कर स्थिति को संभाल लिया. समाचार लिखे जाने तक मंदिर परिसर में स्थिति सामान्य हो गई है. उधर गोली चलने से जख्मी तीनों लोगों की स्थिति भी खतरे से बाहर बताई गई है. बताया गया कि घायल तीनों लोग वहां फूल-माला बेचने का काम करनेवाले दुकानदार हैं. तीनों को स्थानीय मंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है.







