जमशेदपुर : टाटा समूह के नये चेयरमैन की तलाश तेज है. इस तलाश के दौरान तीन नाम छंटकर सामने आये है. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन और टाटा समूह के चीफ फाइनांसियल ऑफिसर (सीएफओ) सौरभ अग्रवाल के नाम पर विचार चल रहा है. दरअसल, ये दोनों अधिकारी टाटा समूह से सालों से जुड़े रहे है और अंदर की सारी चीजें और टाटा की कल्चर पर फिट बैठते है. लेकिन अब तीसरे नाम के तौर पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसइ) के सीइओ आशीष चौहान का नाम सामने आया है, जो बाहरी है. उनको डार्क हॉर्स माना जा रहा है. नये चेयरमैन की तलाश को लेकर बनायी गयी कमेटी इन सारे नामों पर चर्चा कर रही है. उम्मीद जतायी जा रही है कि यह कमेटी अक्तूबर तक अपने संभावित नामों की सूची सौंप देगी, जिसके बाद टाटा ट्रस्ट इस पर फैसला लेगा. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि टाटा समूह के वर्तमान चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने अपने कार्यकाल को बढ़ाने से इनकार कर दिया है. उनका कार्यकाल फरवरी 2027 तक है. लेकिन उससे पहले नये चेयरमैन के नाम की घोषणा हो जायेगी. चूंकि, टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा है, इस कारण नोएल टाटा खुद चेयरमैन नहीं बन सकते है. ऐसे में कोई बाहरी व्यक्ति को ही चेयरमैन बनाना पड़ेगा. टाटा समूह का संचालन टाटा ट्रस्ट करती है. टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा समूह के नये चेयरमैन की तलाश के लिए एक कमेटी बनायी है, जो संभावित नामों पर विचार कर रही है. ज्यादातर संभावना जतायी जा रही है कि टाटा समूह के चेयरमैन टाटा समूह से जुड़ा व्यक्ति ही होगा.




