जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों का बोनस समझौता के बाद शुक्रवार को सारे कर्मचारियों के बैंक एकाउंट में शुक्रवार को बोनस की राशि पहुंच गयी. इस तरह लगभग सारे कर्मचारियों के एकाउंट में पैसे पहुंच गये है. कर्मचारियों के चेहरे खुशी से चहक उठे है. लाखों रुपये एकाउंट में देखकर कर्मचारी फूले नहीं समां रहे है. टाटा वर्कर्स यूनियन के प्रति भी कर्मचारी आभार जता रहे है. कर्मचारियों के एकाउंट में गुरुवार से ही बोनस की राशि दी जाने लगी थी. शुक्रवार को सारे कर्मचारियों के एकाउंट में एक साथ बोनस की राशि क्रेडिट हो गया. पिछले शुक्रवार को टाटा स्टील के कर्मचारियों के बोनस का समझौता टाटा वर्कर्स यूनियन ने मैनेजमेंट के साथ की थी. इसके तहत कर्मचारियों के बोनस के मद में 317.51 करोड़ रुपये देने पर सहमति बनी. इसके अलावा 20 हजार रुपये प्रति कर्मचारी को एकमुश्त राशि देने पर सहमति बनी थी. तय समझौता के अनुसार जमशेदपुर प्लांट में 188.64 करोड़ रुपये दिया जाना था, जो 12213 कर्मचारियों के बीच बांटे गये. पूरे टाटा स्टील समूह में 223710 कर्मचारियों के बीच यह राशि दी गयी. कर्मचारियों को औसतन राशि 1 लाख 54 हजार 457 रुपये के अलावा 20 हजार रुपये यानी 1 लाख 74 हजार 457 रुपये की राशि दी गयी है. अधिकतम ओल्ड सीरीज के कर्मचारियों की राशि 4 लाख 58 हजार 411 रुपये और 20 हजार रुपये यानी 4 लाख 78 हजार 411 रुपये अधिकतम राशि एकाउंट में भेजी गयी है. एनएसग्रेड का अधिकतम राशि 1 लाख 16 हजार 527 रुपये और 20 हजार रुपये यानी 1 लाख 36 हजार 527 रुपये दी गयी है.



