जमशेदपुर : टाटा स्टील की बिगड़ी कैंटीन व्यवस्था को लेकर माहौल गर्माता जा रहा है. इस मामले को लेकर सेंट्रलाइज्ड कैंटीन मैनेजमेंट कमेटी (सीसीएमसी) के वाइस चेयरमैन और टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज हमलावर हो गये है. उन्होंने कैंटीन की व्यवस्था परिवर्तन की मांग को लेकर एक ज्ञापन टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु को सौंपा है. उन्होंने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों के भीतर व्यवस्था में सुधार को लेकर कोई पहल नहीं किया गया तो वे सीसीएमसी के वाइस चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे देंगे. कैंटीन की व्यवस्था को लेकर लगातार कर्मचारियों में बढ़ती नाराजगी को लेकर यह दबाव यूनियन अध्यक्ष पर बनाया गया है, जिसके बाद माहौल गर्मा गया है. सहायक सचिव नितेश राज ने अपने ज्ञापन में कहा है कि विगत कुछ दिनों से सेंट्रल कैंटीन में अत्यधिक भीड़ की शिकायतें लगातार प्राप्त हो रही हैं. (नीचे भी पढ़े)
तमाम प्रयासों के बावजूद कैंटीन खुलने के प्रारंभिक समय में इस भीड़ को नियंत्रित नहीं किया जा सका है, जिसके कारण काफी कर्मचारी कैंटीन जाने से कतरा रहे हैं. नितेश राज ने बताया है कि पूर्व की व्यवस्था के अंतर्गत वेंडर एम्प्लाई (अस्थायी कर्मचारी) और स्थायी कर्मचारी अलग-अलग कैंटीन में भोजन ग्रहण करते थे, जिससे दोनों वर्गों को सुगमता से भोजन प्राप्त होता था. उन्होंने बताया है कि साथ ही विगत कुछ दिनों से अधिकारियों की सब्सिडी भी कैंटीन में बंद कर दी गई है, जिसके कारण अधिकारी वर्ग भी कैंटीन नहीं जा रहे हैं. उन्होंने बताया है कि मुझे (नितेश राज को) सेंट्रल कैंटीन मैनेजिंग कमेटी के वाइस चेयरमैन के रूप में जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका निर्वहन करते हुए हाल के दिनों में वे स्वयं को कैंटीन की सुविधाओं में सुधार करने में असमर्थ महसूस कर रहे है. उन्होंने बताया है कि जैसा कि आपने देखा कि पिछले दिनों कई कर्मचारियों को भोजन तक प्राप्त नहीं हुआ. उन्होंने बताया है कि इस संबंध में मैंने इस नई व्यवस्था के लागू होने से दो दिन पूर्व ही आपसे व्यक्तिगत रूप से बात कर अवगत कराया था कि इस व्यवस्था में गड़बड़ी है, इसे ठीक किया जाए. उन्होंने बताया है कि खेद के साथ कहना पड़ रहा है कि उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया और परिणामस्वरूप पहली बार कैंटीन में अफरा-तफरी का माहौल बना. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि अतिशीघ्र उच्च प्रबंधन से वार्ता कर कैंटीन की पुरानी व्यवस्था को बहाल किया जाए, जिसमें टाटा स्टील के अधिकारी एवं कर्मचारी एक कैंटीन में तथा वेंडर कर्मचारी दूसरी कैंटीन में भोजन करें, जिससे सभी को सुविधा प्राप्त हो सके. उन्होंने बताया है कि अधिकारियों की बंद की गई सब्सिडी को पुनः प्रारंभ कराया जाए, ताकि अधिकारी वर्ग भी समय-समय पर कैंटीन का उपयोग कर सकें. उन्होंने अध्यक्ष से मांग की है कि अध्यक्ष इस पत्र को गंभीरता से लेते हुए 10 से 15 दिनों के भीतर इस समस्या का समाधान करने की कृपा करें. समस्या का समाधान नहीं होने की स्थिति में उनको कैन्टीन कमेटी के जिम्मेवारी से मुक्त किया जाए. उन्होंने इस्तीफा की भी चेतावनी दी है.





