जमशेदपुर : टाटा स्टील प्रबंधन ने कार्यकुशलता, परिसंपत्तियों की मजबूती और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल (सिनर्जी) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उच्च स्तर पर कई संगठनात्मक बदलाव किये हैं. मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक (सीइओ व एमडी) टीवी नरेंद्रन और चीफ पीपल ऑफिसर (सीपीओ) अतरई सान्याल की ओर से अलग-अलग आधिकारिक सर्कुलर जारी कर अधिकारियों के स्थानांतरण, पदोन्नति और पुनर्गठन की घोषणा की गयी है. जारी आदेश के अनुसार, 15 अक्तूबर के प्रभाव से एचआरपीजीएल, सीआरएम डाउनस्ट्रीम प्रोजेक्ट्स में हेड प्रोजेक्ट्स एंड कंस्ट्रक्शन के पद पर कार्यरत अजीत कुमार सिंह का स्थानांतरण कर दिया गया है. उन्हें टाटा स्टील जमशेदपुर में हेड प्रोजेक्ट्स एंड कंस्ट्रक्शन, एसडीआइ प्रोजेक्ट्स की नयी जिम्मेदारी सौंपी गयी है. वे चीफ प्रोजेक्ट्स एंड कंस्ट्रक्शन टीएसजे को रिपोर्ट करेंगे और जमशेदपुर से ही अपना कामकाज संभालेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, 1 नवंबर से स्वरूप कुमार सिन्हा के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है. उन्हें हेड (स्लैब कास्टिंग), आइएल 3, एलडी2 एंड स्लैब कास्टर के पद पर स्थानांतरित किया गया है. उनका कार्यस्थल जमशेदपुर ही रहेगा. रॉ मैटेरियल्स डिवीजन में भी 15 अक्तूबर के प्रभाव से अधिकारियों की भूमिकाओं में बदलाव किया गया है. राजीव कुमार को पदोन्नत करते हुए चीफ खुदबुंद (खुदबुंद आयरन माइन का चीफ) नियुक्त किया गया है. वे जनरल मैनेजर (ओएमक्यू) को रिपोर्ट करेंगे और खोंदबोंद से कार्य करेंगे. इसी तरह, नोवामुंडी के चीफ रहे डी विजयेंद्र (आइएल 2) का दायरा बढ़ाते हुए उन्हें अब चीफ (नोवामुंडी, काटामाटी एंड विजय 2) के रूप में नया पदनाम दिया गया है. वे नोवामुंडी से कार्य करते हुए जनरल मैनेजर (ओएमक्यू) को रिपोर्ट करना जारी रखेंगे. उनके अधीन विजया-2 माइंस के हेड माइनिंग ऑपरेशन एनके श्रीनिवास राव, नोवामुंडी आयरन माइंस आइएल-3 हेड ऑपरेशंस नितेश माहेश्वरी, काटामाटी आयरन माइंस के हेड माइनिंग ऑपरेशन अजय कुमार गोयल और एनआइएम एंड केटीएम के हेड इक्वीपमेंट मेंटनेंस जॉर्ज जोसेफ अयाथामट्टम काम करेंगे.





