
जमशेदपुर : टाटा स्टील और टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से संयुक्त रुप से दिये जाने वाले कर्मचारियों के बच्चों के छात्रवृति (स्कॉलरशिप) वीजी गोपाल स्कॉलरशिप का आवेदन आमंत्रित किया गया है. सोमवार को इसका नोटिस जारी कर दिया गया. इसके तहत इंजीनियरिंग व मेडिसिन में इंटीग्रेटेड कोर्स करने वाले के लिए 12 हजार रुपये सालाना, कंप्यूटर साइंस, इंजीनियरिंग, बिजनेस मैनेजमेंट, पर्सनल मैनेजमेंट, होटल मैनेजमेंट की पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री के लिए 9 हजार रुपये प्रति वर्ष, डिप्लोमा कोर्स किसी भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए 9 हजार रुपये और प्स टू की पढ़ाई के लिए 7200 रुपये प्रति वर्ष राशि दी जायेगी. कुल 20 लोगों को यह स्कॉलरशिप दी जायेगी, जिसमें पांच महिलाओं को दिया जायेगा. 1 जनवरी 2021 से 31 दिसंबर 2021 तक के बीच एडमिशन लेने वाले को यह स्कॉलरशिप दी जायेगी. इसके अलावा वैसे छात्रों को यह राशि दी जायेगा, जिसके गार्जियन का वेतन 78310 रुपये प्रतिमाह से ज्यादा नहीं हो. इसके अलावा एक बार स्कॉलरशिप आरडी टाटा टेक्निकल इंस्टीच्यूट के लोगों को भी दिया जायेगा. इसके तहत स्कॉलरशिप में छठा से लेकर दसवीं रैंक तक लेने वाले वीजी गोपाल ट्रस्ट की ओर से स्कॉलरशिप दी जायेगी. इसके लिए लोग 14 मार्च से लेकर 13 अप्रैल 2022 तक लोग आवेदन टाटा स्टील के जेनरल ऑफिस स्थित इंप्लायमेंट ब्यूरो से सुबह 9.30 बजे से दोपहर 1 बजे तक और फिर अपराह्न 2 बजे से शाम 5.30 बजे तक सोमवार से शुक्रवार तक के बीच ले सकते है. आवेदन को जमा करने की आखिरी तारीख 30 अप्रैल है, जिसको टाटा स्टील के कॉमर्शियल बिल्डिंग के इंप्लायमेंट ब्यूरो के सीनियर मैनेजर के ऑफिस में जमा कर सकते है. चयन करने में मेडिसिन और इंजीनियरिंग में प्लस टू या समकक्ष के नंबर को देखा जायेगा. इसके अलावा इंजीनियरंग में डिप्लोमा या प्लस 2 कोर्स के लिए मैट्रिक के प्राप्त अंक को भफी देखा जायेगा. एमबीए या पर्सनल मैनेजमेंट कोर्स के लिए स्नातक की डिग्री में हासिल अंक को आधार बनाया जायेगा. चार्टर्ड एकाउंटेंसी या कॉस्ट एकाउंटेंसी के लिए इंटर की परीक्षा के अंक को आधार माना जायेगा.



