
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अनुषंगी कंपनी टीएसडीपीएल की अधीकृत यूनियन टीएसपीडीएल यूनियन का चुनाव 25 मार्च को होगा. अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय की अध्यक्षता में सोमवार को बुलाई गई कमेटी मीटिंग में इसकी घोषणा की गई. चुनावी प्रक्रिया सोमवार 21 मार्च की शाम 6 बजे से शुरू हो गयी. 21 मार्च को नामांकन की नोटिस निकाली जायेगी. इसके बाद नामांकन पत्रों का वितरण 22 मार्च को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक किया जायेगा. इसके बाद 22 मार्च को अपराह्न 3 बजे से शाम 4 बजे तक और 23 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्रों को जमा किया जा सकेगा. 23 मार्च को दोपहर 12.30 बजे से दोपहर 2.30 बजे तक लोग नामांकन को वापस ले सकते है. नामांकन पत्रों की वैद्यता और चुनाव चिन्ह का आवंटन 23 मार्च को अपराह्न 3 बजे से शाम 4 बजे के बीच किया जायेगा. 25 मार्च को मतदान सुबह 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक किया जायेगा. मतदान कंपनी के बारा प्लांट स्थित एज सेंटर में होगा. वहीं पर मतगणना किया जाएगा. चुनाव पदाधिकारी के तौर पर टीएसडीपीएल यूनियन का चुनाव करवाने के लिए झारखंड इंटक के उपाध्यक्ष बिनोद राय को चुनाव पदाधिकारी, टिनप्लेट यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट परविंदर सिंह व टाटा पावर के पदाधिकारी नरेश चौधरी को सहायक निर्वाचन पदाधिकारी बनाया गया है. टीआरएफ यूनियन के महासचिव एमएच हीरामनेक और टिनप्लेट यूनियन के महामंत्री मनोज कुमार सिंह को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. 15 सीटों के लिए कर्मचारी मतदान करेंगे. बारा प्लांट में 8 सीट है वहीं सीआर यानी टाटा स्टील के भीतर 6 व ट्यूब डिवीजन में 1 सीट के लिए चुनाव होगा.
सीआर प्लांट में नही बढ़ सकी सीट
टीएसडीपीएल के बारा और सीआर प्लांट में कर्मचारियों की संख्या लगभग बराबर है पर बारा में 8 सीट है और सीआर में 6 सीट. पिछले दिनों हुई कमेटी मीटिंग में सीआर प्लांट का सीट बढ़ाये जाने पर सहमति बन गयी थी पर सोमवार को हुई बैठक में प्रबंधन द्वारा सहमति नही दिए जाने के कारण सीट नही बढ़ाया जा सका.




