
जमशेदपुर : टाटा स्टील में कर्मचारी एक बार फिर से आइएल 6 पद पर सीधे ऑफिसर बन सकते है. इसके लिए कर्माचिरयों के लिए ऑफर लाया गया है. इसके तहत टाटा स्टील में असिस्टेंट मैनेजर आइएल 6 स्तर की बहाली में एग्लोमेरेट्स, एडमिनिस्ट्रेशन, ब्लास्ट फर्नेस, लर्निंग एंड डेवलपमेंट, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, मैकेनिकल, मेटलर्जी, सिविल, कोक प्लांट, कोल्ड रोलिंग मिल, सिविल डिजाइन, इलेक्ट्रिक डिजाइन, मैकेनिकल डिजाइन, इलेक्ट्रिकल मेंटेनेंस, इलेक्ट्रिक टीएंडडी, इंजीनियरिंग सर्विसेज, फ्यूल मैनेजमेंट, हॉट रोलिंग मिल, एचआरएम, लॉजिस्टिक एंड सप्लाइ चेन, मैनुफैक्चरिंग, मार्केटिंग एंड सेल्स, वायर रॉड रोलिंग, वायर ड्राइंग, स्टील मेकिंग, सिक्यूरिटी, साइंटिफिकिट सर्विसेज, सेफ्टी, रुरल एंड अरबन डेवलपमेंट, रिसर्च एंड डेवलपमेंट, रिफैक्ट्रीज, न्यू मैटेरियल बिजनेस, पावर प्लांट ऑपरेशन, नेचुरल रिसोर्स डिवीजन केमिकल्स, माइनिंग ऑपरेशन कोल जैसे विभागों के लिए आवेदन मंगाया गया है. आवेदक को मान्यता प्राप्त कॉलेजों से डिप्लोमा, डिग्री समहित अन्य शैक्षणिक योग्यता को पूरा करना अनिवार्य है. इन सारे आवेदनों के लिए कर्मचारी वर्ग यानी नन ओपीआर कर्मचारी इसके लिए अपना आवेदन दे सकते है. इसके लिए लिखित परीक्षा होगी, फिर ट्रेनिंग होगी. टाटा स्टील के इंटरानेट के जरिये इसका ऑनलाइन आवेदन कर्मचारी 16 जनवरी तक दे सकते है. अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग आवेदन आमंत्रित किये गये है. हालांकि, पहले 22 मई 2020 को ऐसी बहाली निकाली गयी थी. करीब 20 माह बाद एक बार फिर से आवेदन आमंत्रित किये गये है. हालांकि, इस बार पिछली बार की तरह एसएनटीआइ और एनआइटी में इवनिंग कोर्स किये हुए डिप्लोमाधारी को योग्य नहीं माना गया है. आपको बता दें कि एसएनटीआइ की ट्रेनिंग और एनआइटी डिप्लोमा का कोर्स टाटा स्टील ही कराती है. इस कारण खुद कंपनी द्वारा संचालित कोर्स को मान्यता नहीं देने को लेकर लगातार आपत्ति जतायी गयी है. इसको लेकर कर्मचारी भी नाराज है. इसको लेकर आपत्ति भी टाटा वर्कर्स यूनियन के समक्ष दर्ज करा दिया गया है. टाटा स्टील के कोक प्लांट के कमेटी मेंबर आरसी झा ने इसको लेकर अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु को पत्र लिखकर कहा है कि जैसा कि आपको ज्ञात होगा. कर्मचारियों के आईएल-6 में प्रोन्नति के लिए आवेदन आमंत्रित किया गया है. इस विज्ञापन में एसएनटीआई एवं एनआईटी में इवनिंग कोर्स द्वारा किए गए डिप्लोमा को आवेदन के लिए योग्य नहीं माना गया है जबकि पिछले सभी विज्ञापनों में इसे मान्यता प्रदान की गई थी. उन्होंने अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि कृपया उचित फोरम पर इस मुद्दे पर बात कर के एसएनटीआई और एनआईटी में किए गए इवनिंग डिप्लोमा कोर्स को भी आवेदन करने के लिए अनुमति दिलवायी जाये, जो पहले से चली आ रही है.














