
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर के मोहरदा स्थित जलापूर्ति योजना के राइजिंग पाइप फट गया है. इसकी रिपेयरिंग का काम चल रहा है. रिपेयरिंग के काम में टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर (पहले जुस्को) की ओर से टीम को लगाया गया है ताकि पानी की आपूर्ति को सामान्य किया जा सके. यह काम बुधवार की सुबह तक चल सकता है. इसको लेकर यह संभव है कि बुधवार को पानी की आपूर्ति थोड़ी देर से लोगों को मिले. वैसे यह कोशिश की जा रही है कि पानी की आपूर्ति को सामान्य समय पर हीबहाल कर दी जाये, लेकिन यह भी संभव है कि देर हो जाये. वैसे जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय के पेयजल प्रभारी अमरचंद्र झा ने एक बयान जारी कर कहा है कि मोहरदा जलापूर्ति योजना अन्तर्गत बिरसानगर साइड का राइजिंग पाइप फट जाने के कारण क्षेत्र में जलापूर्ति बाधित होगी. पेयजल प्रभारी अमर चंद्र झा ने इस बाबत प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी साझा की. श्री झा ने बताया कि पाइप को दुरूस्त करने का कार्य जारी है और कल दोपहर तक या कार्य पूर्ण हो जाने की संभावना है. तत्पश्चात बारी-बारी से सभी जोन को पानी सप्लाई किया जाएगा. दूसरी ओर, टाटा स्टील यूटिलिटीज की ओर से भी कहा गया है कि काम जारी है और जल्द से जल्द इसको ठीक करने की कोशिशें तेज हो जायेगी.













