जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के अपने घर को लेकर चल रही कवायद को एक बार फिर से पंख लग गयी. टाटा स्टील मैनेजमेंट ने कई सालों से बेकार पड़े टिस्को इंप्लाइज हाउसिंग एंड वेलफेयर सोसाइटी को पुर्नजीवित कर दिया है. सोसाइटी का नये सिरे से गठन कर दिया गया है. इसके बाद सोसाइटी अब अपने आवास को लेकर संभावनाओं को तलाशेगा. टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने इसको लेकर पिछले दिनों मैनेजमेंट के समक्ष सवाल उठाया था, जिसके बाद इसको लेकर मैनेजमेंट ने यह अहम कदम उठाया है. इस सोसाइटी की गवर्निंग काउंसिल का पुर्नगठन होने की जानकारी कर्मचारियों को हुई, तो खुशी की लहर दौड़ गयी. कर्मचारियों में इसकी आस बढ़ गयी है कि कर्मचारियों को अपना घर भी मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसको लेकर टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन के हस्ताक्षर से जारी सरकुलर के मुताबिक, काउंसिल के अध्यक्ष टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम होंगे जबकि चीफ कारपोरेट अफेयर अमित खुराना महासचिव बनाये गये है. दो उपाध्यक्ष होंगे, जिसमें एक उपाध्यक्ष टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु और दूसरा उपाध्यक्ष टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी अतुल भटनागर होगा. काउंसिल के कोषाध्यक्ष चीफ रेवेन्यू एकाउंट अवनिश अरुण होंगे जबकि हेड स्टैच्यूरी कंप्लायंस कारपोरेट रिलेशंस अमित कुमार सिंह को संयुक्त सचिव बनाया गया है. काउंसिल के मेंबर के तौर पर टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, महासचिव सतीश सिंह, चीफ लैंड मैनेजमेंट आनंद कुमार, चीफ लीगल काउंसिल जमशेदपुर ज्ञानेंद्र करण बनाये गये है.












