
जमशेदपुर : टाटा स्टील के लिए सामाजिक काम करने वाली संस्था टाटा स्टील फाउंडेशन ने कोल्हान में करीब 200 युवाओं की बहाली के लिए वैकेंसी निकाली है. इसके तहत इंटर पास या ग्रेजुएट लोग अपना आवेदन दे सकते है. फील्ड हेल्थ वर्कर्स के लिए यह बहाली निकाली गयी है, जिसके तहत इनसे कोल्हान के तीनों जिले (जमेशदपुर (पूर्वी सिंहभूम) पश्चिम सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां) जिले में काम लिया जायेगा. मानसी प्रोजेक्ट के तहत फील्ड हेल्थ वर्कर्स की बहाली निकाली गयी है. केवल आवेदक को इंटर पास होना चाहिए. वैसे अगर ग्रेजुएट होंगे तो उनको प्राथमिकता दी जायेगी. कुल 200 लोगों की बहाली निकाली गयी है. इसके तहत बहाल व्यक्ति को 20 हजार रुपये से लेकर 25 हजार रुपये तक का वेतन दिया जायेगा, जिसमें पीएफ, इएसआइ, ट्रैवल एलाउंस समेत तमाम बेनीफिट शामिल होंगे. इसमें यह नियम लगाया गया है कि जो स्थानीय होंगे और कोल्हान के किसी न किसी प्रखंड के वाशिंदे होंगे और उनको यहां का स्थानीय भाषा का ज्ञान होगा, उसकी ही बहाली होगी. इस बहाली में एक शर्त यह है कि उक्त लड़के या लड़की के पास अपना ड्राइविंग लाइसेंस और एक मोटरबाइक भी होना चाहिए, जो ग्रामीण इलाकों का दौरा कर सकें. चयन वैसे लोगों का होगा, जिनको कम से कम मातृत्व, बच्चों, व्यस्कों के स्वास्थ्य और खान-पान से जुड़ी चीजों की जानकारी होगी. अगर कोई नर्सिंग कोर्स किया होगा तो उनको भी प्राथमिकता दी जायेगी. इसके लिए आवेदकों को इ-मेल आइडी- [email protected] के जरिये आवेदन और अपना बायोडाटा भेजना है. अगर किसी को रोजगार से संबंधित जानकारी चाहिए तो लोग फोन नंबर 9065733224 पर संपर्क करक सकते है. इस बहाली के बारे में पूछे जाने पर टाटा स्टील की कारपोरेट कम्यूनिकेशन की हेड (प्रवक्ता) ने पुष्टि की है और बताया है कि बहाली के लिए लोग आवेदन कर सकते है.





