
जमशेदपुर : टाटा स्टील के बंद प्लांट में आदिवासी महिला ठेकाकर्मी लक्ष्मी सोरेन की हत्या के खिलाफ झामुमो ने टाटा स्टील के जेनरल ऑफिस गेट पर प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन का नेतृत्व झामुमो के नेता महावीर मुर्मू कर रहे थे. इन लोगों ने जोरदार तरीके से नारेबाजी की. उनके साथ लक्ष्मी सोरेन के पिता भी थे. इन लोगों ने टाटा स्टील के गेट पर प्रदर्शन कर मांग की कि तत्काल मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाये और एक स्थायी नौकरी दी जाये.
इन लोगों ने आरोप लगाया कि टीएमएच में पहले एक से डेढ़ घंटे तक किसी तरह का कोई इलाज नहीं किया गया, जिसको लेकर लड़की की मौत हो गयी. इसके अलावा इन लोगों ने आदिवासी सोसाइटीज के क्रियाक्लापों पर भी सवाल उठाया और कहा कि जिस कंपनी के लिए वह काम करती थी, उस कंपनी के लोगों ने भी संवेदनशीलता नहीं बरती और अलबत्ता परिवार को कुछ दिया तक नहीं.

\इन लोगों से बाद में मैनेजमेंट की ओर से एचआर की पदाधिकारी दीपा वर्मा, एमडी ऑफिस की सीनियर मैनेजर बहालन चांपिया और सिक्यूरिटी हेड बात करने के लिए पहुंचे और आश्वासन दिया कि इस दिशा में उच्चाधिकारियों से बातचीत कर कोई रास्ता निकाला जायेगा. वैसे अभी एमडी बाहर है, जिनके आने के बाद ही किसी तरह की कोई कार्रवाई की जायेगा.






