
जमशेदपुर : उषा मार्टिन कंपनी (टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट कंपनी) में कार्यरत ठेका कर्मचारी हरिशंकर सिन्हा का काम के दौरान फोर क्लिप गाड़ी से दुर्घटना हो गयी. दुर्घटना में उनके पैर के ऊपर से गाड़ी चढ़ जाने के कारण काफी गम्भीर चोट लगी है. वर्तमान में टीएमएच के 4ए बेड नंबर 51 में इलाजरत है. कर्मचारी मेसर्स मोहम्मद शाहनवाज़ खान के अंदर कार्यरत हैं. अस्पताल में इलाज में लापरवाही की शिकायत मिलने एवं मामले को रफा-दफा करने की शिकायत मिलने पर यूथ इंटक के राष्ट्रीय महासचिव डॉ परितोष सिंह, झारखंड इंटक के कार्यकारी सदस्य संजीव रंजन एवं युवा कांग्रेस के जिला महासचिव रोहित सिंह अस्पताल पहुंचकर घायल से मुलाकात की एवं कंपनी प्रबंधन से फोन पर बात किया जिसके बाद उचित इलाज के लिए दबाव बनाया. इंटक का प्रतिनिधिमंडल कारखाना निरीक्षक, उप श्रमायुक्त से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर करवाई एवं परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग करेगी.
इंटक नेता राजीव पांडेय भी उपमुख्य कारखाना निरीक्षक को दी जानकारी
यूथ इंटक के राष्ट्रीय सचिव राजीव पांडेय ने उपमुख्य कारखाना निरीक्षक को पूरे घटना की जानकारी दी है. उन्होंने इस मामले में पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि इस मामले की निष्पक्ष व विधि संगत जांच कर मजदूर हरिशंकर सिन्हा को न्याय व उचित मुआवजा दिलाने की जाये.
भारतीय मजदूर संघ ने भी उठायी आवाज
दूसरी ओर, भारतीय मजदूर संघ के कोल्हान अध्यक्ष कृष्णा सिंह ने टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट कंपनी के मामले को ल ेकर मुख्य कारखाना निरीक्षक और डिप्टी लेबर कमिश्नर को सारी जानकारी दी. उनसे कहा है कि इस तरह की दुर्घटना दोबारा ना हो इसके लिए सेफ्टी विभाग मजबूती से काम करें और कर्मचारी को हर हाल में पूर्ण रूप से ठीक करने का प्रयास करें. किसी तरह का कोई कमी नहीं रह जाए, हर हाल में कर्मचारी सुव्यवस्थित रूप से स्वस्थ होना चाहिए. मुख्य कारखाना निरीक्षक ने कहा वे लोग सरायकेला-खरसावां जिले के कारखाना निरीक्षक को बोल देते हैं, डिप्टी लेबर कमिश्नर राजेश प्रसाद ने भी कहा कि कारखाना निरीक्षक के अधिकार क्षेत्र में आता है.






