
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के लंबित एलटीसी (यात्रा भत्ता) का बंपर समझौता हो गया है. यह पहला मौका है जब स्टील वेज के कर्मचारियों और एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को एकमुश्त 36600 रुपये से लेकर 38600 रुपये हर दो साल में एलटीसी मिलेगा. हर बार जो एलटीसी का समझौता होता था, उसके तहत स्टील वेज का ज्यादा होता था जबकि एनएस ग्रेड का वेतन चूंकि कम है, इस कारण उनको एलटीसी कम मिलता था. लेकिन टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु के नेतृत्व वाली कमेटी ने इसको बराबर कर दिया. समझौता अब तक ट्रेन के सेकेंड क्लास एसी वाले बोगी का भाड़ा में हुई बढ़ोत्तरी के आधार पर होता था. इसके आधार पर अभी समझौता होता तो सिर्फ 8 फीसदी एलटीसी की ही बढ़ोत्तरी होती जबकि पिछली बार 27 से 29 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई थी. इसके बाद तय हुआ कि कर्मचारियों को एकमुश्त राशि की बढ़ोत्तरी की जाये और स्टील ग्रेड और एनएस ग्रेड का वेतनमान का एक-एक आधार मान लिया जाये. जब स्टील वेज के कर्मचारियों का आधार बनाया गया तो उसके हिसाब से एनएस ग्रेड को कम एलटीसी मिल रहा था. इसके बाद एनएस ग्रेड के आधार को बदला गया और स्टील वेज को अलग रखा गया, जिसके बाद एक हजार रुपये की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी एनएस ग्रेड के कर्मचारियों के लिए की गयी, जिसके बाद दोनों का बराबर एलटीसी तय हुआ. इस समझौता के तहत जिस एनएस ग्रेड के कर्मचारी का वेतन का बेसिक 18406 रुपये है, उससे नीचे वाले को 36600 रुपये हर दो साल में एलटीसी मिलेगा जबकि जिसका वेतन का बेसिक हर माह 18406 रुपये है, उसको 38600 रुपये हर दो साल में एलटीसी मिलेगा. स्टील वेज के कर्मचारियों के वेतन का बेसिक अगर 30750 रुपये के नीचे है तो उनको 36600 रुपये एलटीसी हर दो साल में मिलेगा जबकि अगर 30750 रुपये से ऊपर का बेसिक स्टील वेज वाले को मिलता है तो उनको 38600 रुपये एलटीसी मिलेगा. इस समझौता के तहत स्टील वेज के कर्मचारियों को 8100 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है जबकि एनएस ग्रेड के कर्मचारियों का एलटीसी में 9100 रुपये की बढ़ोत्तरी की गयी है. यह समझौता वर्ष 2024 तक के लिए लागू किया गया है, जिसका लाभ टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के अलावा तमाम प्लांट और माइंस एरिया में होगा. इसके तहत करीब 25 हजार कर्मचारी लाभांवित होंगे जबकि 14 हजार कर्मचारी सिर्फ जमशेदपुर प्लांट में लाभ पायेंगे. टिस्को ग्रोथ शॉप, टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट, ट्यूब डिवीजन समेत अन्य प्लांट में भी यहीं समझौता लागू होगा. समझौता में यह तय किया गया कि जिन कर्मचारियों ने अपना एलटीसी ले चुके है, उन्हें अंतर वाली राशि (डिफरेंस अमाउंट) का एरियर जुलाई 2021 का वेतन, जो अगस्त 2021 में मिलेगा, उसमें यह राशि भेज दी जायेगी. समझौता पर यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह जबकि मैनेजमेंट की ओर से वीपी एचआरएम अतरई सरकार, चीफ ग्रुप एचआरआइआर जुबिन पालिया समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे. यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने बताया कि समझौता काफी अच्छा हुआ है, जिससे कर्मचारियों को काफी बेहतर लाभ हुआ है. वर्तमान कमेटी के समक्ष लगातार यह मांग आ रही थी कि एनएस ग्रेड और ओल्ड स्टील ग्रेड के एलटीसी को बराबर किया जाये, जिसको देखते हुए एनएस ग्रेड में एक हजार रुपये की अतिरिक्त बढ़ोत्तरी कर बेहतर समझौता और सम्मानजनक समझौता करने की कोशिश की गयी है. दूसरी ओर, टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा है कि उनकी मांग के अनुसार एलटीसी समझौते में न्यू सीरीज और ओल्ड सीरीज के अंतर को खत्म किया गया है. सम्मानजनक राशि की वृद्धि के लिये यूनियन और प्रबंधन को साधुवाद.
कब-कब कितना था कर्मचारियों का एलटीसी
एक जनवरी 2000 से 31 दिसंबर 2003-कर्मचारी 5500-सुपरवाइजर 7,500 रुपये
एक जनवरी 2004 से 31 दिसंबर 2007-कर्मचारी 8,000-सुपरवाइजर 10,000 रुपये
एक जनवरी 2008 से 31 दिसंबर 2011-कर्मचारी 14,000-सुपरवाइजर 16,000 रुपये
एक जनवरी 2012 से 31 दिसंबर 2015-कर्मचारी 21,000-सुपरवाइजर 23 हजार रुपये
एनएस-7 ग्रेड 20,000 रुपये (न्यू सीरीज ग्रेड)
एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019-कर्मचारी 28,500-सुपरवाइजर 30,500











