
जमशेदपुर : कोरोना काल के बावजूद और और कोरोना के नये स्ट्रेन के बावजूद टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन को यह भरोसा है कि टाटा स्टील के लिए वर्ष 2021 का साल काफी बेहतर होगा और पूरे देश में स्टील का डिमांड काफी ज्यादा बढ़ेगा. 31 दिसंबर को साल के अंत में टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने यह बातें कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा है. उन्होंने कहा है कि भारत सरकार के आत्मनिर्भर भारत की नीति और उत्पादन आधारित इंसेंटिव स्कीम को शुरू करने से जरूर बाजार बेहतर होगा और संसाधनों के निर्माण की ओर सरकार के बढ़ाये गये कदम का सकारात्मक असर भी देखने को मिलेगा. फंड्स की भी किसी तरह की कमी नही होगी, ऐसी उम्मीद है. उन्होंने यह भी कहा है कि सरकार का फोकस गांवों के संसाधनों को दुरुस्त करने की है, जिससे स्टील के डिमांड में बढ़ोत्तरी होगी. उन्होंने कहा कि देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की बढ़ोत्तरी के दर पर ही स्टील का डिमांड भी बढ़ सकता है. स्टील की कीमत के बारे में बताते हुए एमडी ने कहा कि कीमत अभी बढ़ोत्तरी होने की संभावनाएं कम ही है.
दूसरी ओर, टाटा स्टील में इस बार टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन हर साल की तरह वर्क्स जेनरल ऑफिस गार्डेन में केक काटेंगे. इसके केक कटिंग समारोह में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद भी शामिल होंगे. इस दौरान टाटा स्टील के पूर्व एमडी डॉ जेजे इरानी का स्पीच रिकॉर्डेड होगा. वहीं टीएमएच में भी केक कटिंग समारोह होगा. इसके अलावा और कहीं भी कोई कार्यक्रम नहीं रखा गया है. कंपनी के सारे वीपी अपने विभागों में छोटे स्तर पर ही कार्यक्रम करेंगे. कोरोना काल को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.





