
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत रामनगर रोड नंबर 3 स्थित जयंती अपार्टमेंट के एक फ्लैट में गुरुवार रात एक महिला के शव मिलने से सनसनी फैल गई. इधर शव मिलने की सूचना हंड्रेड डायल कर पुलिस को दी गई. सूचना पाकर कदमा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. महिला का नाम अनिता कुमारी है, वह ब्रह्मानंद अस्पताल में नर्स थी. हत्या के बाद अनिता के शव को जलाने की भी कोशिश की गई. महिला के शव को सबसे पहले महिला के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे व्यक्ति अरविंद ने देखा. (नीचे भी पढ़ें)

घटना के संबंध में अरविंद ने बताया कि वह बागबेड़ा का रहने वाला है और अनिता कुमारी के साथ पिछले 6 सालों से लिव इन रिलेशनशिप में रह रहा था. वह अनिता आखिरी बार बुधवार को मिला था. आज लगभग 10:30 बजे जब वह फ्लैट पहुंचा, तो पाया कि फ्लैट का दरवाजा बाहर से लॉक था. उसके पास चाबी रहती है, जिससे उसने फ्लैट का दरवाजा खोला. अंदर जाने पर देखा कि अनिता औंधे मुंह जमीन पर गिरी हुई है, उसके बाल जले हुए हैं और चेहरे पर भी चोट के निशान हैं. इसके बाद उसने हंड्रेड डायल कर पुलिस को सूचना दी और आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी दी. हालांकि अरविंद का कहना है कि उसे किसी पर हत्या का शक नहीं है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.






