
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने नये साल के स्वागत में जमशेदपुर के प्रबुद्ध लोगों के साथ केक काटा. उन्होंने यहां टिनप्लेट के पूर्व एमडी और वरिष्ठ नागरिक आरएन शर्मा के साथ मिलकर केक काटा और नये साल का स्वागत किया. जमशेदपुर के रमणिक स्थल जुबिली पार्क के बगल में स्थित रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उनके साथ टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद भी मौजूद थे. कार्यक्रम के दौरान टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने लोगों को संबोधित किया और कहा कि 2019 काफी चुनौतियों भरा साल रहा था.
स्टील बिजनेस के लिहाज से काफी ज्यादा बाजार प्रभावित था और कीमतें भी ज्यादा बढ़ाने की मजबूरी का दौर था, लेकिन हालात अब बेहतर हो रहे है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में स्थिति और बेहतर होगी. जमशेदपुर के स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर वन आने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि जमशेदपुर के लोगों के सहयोग से यह संभव हो सका है. जमशेदपुर टाटा स्टील की पहचान है और इसकी सेवा वे लोग करते आये है और आगे भी करते रहेंगे, लेकिन हालात और बेहतर करने के लिए आम लोगों को भी आगे आना होगा. इस मौके पर टाटा स्टील के एमडी ने लोगों को नये साल की बधाई भी दी. कार्यक्रम का संचालन रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस की प्रभारी मर्लिन अंकलसरिया ने किया.

ये सारे लोग मौजूद थे-टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन, टिनप्लेट के पूर्व एमडी आरएन शर्मा, टाटा स्टील के वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, टाटा स्टील कारपोरेट कम्यूनिकेशन के चीफ कुलविन सुरी, सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक भालोटिया, महासचिव भरत वसानी, पूर्व अध्यक्ष सुरेश सोंथालिया, समाजसेवी एके श्रीवास्तव, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय, उपाध्यक्ष भगवान सिंह, सहायक सचिव नितेश राज, समाजसेवी बीएन दीक्षित समेत अन्य लोग मौजूद थे.







