जमशेदपुर : वाइल्डलाइफ वीक सेलिब्रेशन 2025 का समापन समारोह आज जमशेदपुर के टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में स्कूली बच्चों के लिए ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता के साथ हुआ. इस वर्ष का समारोह जमशेदपुर फॉरेस्ट डिवीजन और टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया. सप्ताहभर का कार्यक्रम 3 अक्टूबर को “वॉक फॉर गजराज” वॉक अ थॉन के साथ शुरू हुआ, जिसका शुभारंभ सबा आलम अंसारी, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर, जमशेदपुर ने किया. वाइल्डलाइफ वीक के कार्यक्रमों में कई रोचक और जागरूकता बढ़ाने वाले गतिविधियाँ शामिल थीं, जैसे वन भवन में वॉक अ थॉन, मैराथन (रन फॉर गजराज), ऑन-द-स्पॉट निबंध लेखन प्रतियोगिता, वाद-विवाद, टाटा ज़ू में कीपर टॉक और ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता शामिल है. इस कार्यक्रम में कुल 6,500 से अधिक स्कूल बच्चों और जमशेदपुर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. (नीचे भी पढ़ें)

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में परितोष उपाध्याय, आईएफएस, प्रिंसिपल चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स (वाइल्डलाइफ) एवं चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन, झारखंड, रांची उपस्थित थे, जबकि सम्मानित अतिथि के रूप में एसआर नतेशा, आईएफएस, चीफ कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट्स (वाइल्डलाइफ) उपस्थित रहे. सभा को संबोधित करते हुए, सीसीएफ (वाइल्डलाइफ) ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में इस तरह के आयोजनों के महत्व पर जोर दिया और जमशेदपुर फॉरेस्ट डिवीजन एवं टाटा स्टील प्राणी उद्यान सोसाइटी के सहयोगात्मक प्रयासों की सराहना की. पीसीसीएफ (वाइल्डलाइफ) एवं चीफ वाइल्डलाइफ वार्डन, परितोष उपाध्याय ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति शिक्षा और जागरूकता फैलाने में चिड़ियाघरों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की. उन्होंने यह भी घोषणा की कि झारखंड में जल्द ही दो नए चिड़ियाघर और एक टाइगर सफारी स्थापित किए जाएंगे, जिससे राज्य में वन्यजीव शिक्षा और जागरूकता को और मजबूत किया जा सके. उन्होंने टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क के सतत प्रयासों की भी प्रशंसा की, जो संरक्षण संबंधी मुद्दों पर समुदाय में जागरूकता फैलाने में लगे हुए हैं. इसके अलावा, उन्होंने विभिन्न गतिविधियों के विजेताओं को पुरस्कार भी वितरित किए. (नीचे भी पढ़ें)

डॉ. नईम अख्तर, उपनिदेशक एवं ऑफिसर-इन-चार्ज, टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क ने धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया, जिसमें उन्होंने विशिष्ट अतिथियों, वन विभाग के अधिकारियों और टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क सोसाइटी के सदस्यों का वाइल्डलाइफ वीक सेलिब्रेशन 2025 को सफल बनाने में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया. इस अवसर पर प्रणय सिन्हा, विकास कुमार और राहुल कुमार, टाटा स्टील जूलॉजिकल सोसाइटी के सदस्य भी उपस्थित थे. इसके अलावा, जमशेदपुर के डीएफओ सबा आलम अंसारी, जिन्होंने इस आयोजन में टीएसजेडएस के साथ साझेदारी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, भी मंच पर उपस्थित थे. डॉ. संजय कुमार महतो, क्यूरेटर, और डॉ. सीमा रानी, बायोलॉजिस्ट-कम-एजुकेशन ऑफिसर ने पूरे सप्ताह चलने वाले समारोह का समन्वयन किया.











