
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव में आर रवि प्रसाद, शाहनवाज आलम और शैलेश सिंह के सत्ता पक्ष में अरविंद पांडेय की 48 घण्टे में पुनर्वापसी का मामला शांत होता नजर नहीं आ रहा है. इस मामले को लेकर महामंत्री सतीश सिंह के बयान के बाद उपाध्यक्ष भगवान सिंह ने सत्ता पक्ष की ओर से बयान जारी किया है. भगवान सिंह ने कहा है कि अरविंद पाण्डेय के शैलेश सिंह और शहनवाज आलम के एक टीम में जाने से घबराहट का मंजर दूसरी टीम में देखा जा सकता है. कई तरह के छल और प्रपंचों को दरकिनार कर जब अपने पुराने साथियों के साथ आ गये तो सबसे ज्यादा बौखलाहट महामंत्री सतीश सिंह को होना लाजमी है. उनके घृणित मानसिकता और कुत्सित विचारधारा को भांप कर अरविंद पांडेय का निर्णय सही और समय पर लिया गया फैसला है. खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की कहावत को चरितार्थ करते हुए वो और उनके अनुयायी अब तरह तरह के आरोप लगाएंगे और अपनी छवि को साफ सुथरा बताने का प्रयास करेंगे. भगवान सिंह ने कहा है कि वे सतीश और उनके तथाकथित समर्थकों के चरित्र से बखुबी वाकिफ है. किसी का चरित्र हनन करने और अपनी प्रशंसा करवाने के लिए वो कुछ लोगों के साथ एक समूह बना रखे हैं. उदाहरण स्वरुप अपने सभी समझौतों में हस्ताक्षर करते हैं और बाहर आकर विपक्ष बनने का स्वाग रचते हैं. उनके चरित्र से कर्मचारी और कमिटी के सदस्य सभी वाकिफ हैं. उन्होंने आग्रह किया कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात मजदूरो के बीच रखे और अपनी घोषणा पत्र जारी करे और झूठ फरेब और षड्यंत्र का सहारा न लेकर एक स्वच्छ और ऐतिहासिक यूनियन की गरीमा को बचाए रखें और चुनाव मैदान में आये. टाटा स्टील के कर्मचारियों को बेवकूफ न समझे अनर्गल प्रलाप न करें. टीम अरविंद पाण्डेय के नेतृत्व में जो पदाधिकारी है उनसे भी आग्रह है कि वे टुन्नू और सतीश के कारनामे से मजदूरो को अवगत कराएं.












