
सरायकेला : सरायकेला- खरसावां पुलिस की लापरवाही से सोमवार देर रात पिछले दिनों चौका थाना क्षेत्र के एक मंदिर के पुजारी हत्याकांड का मुख्य आरोपी बासित माझी मंडल कारा के मुख्य गेट से ही पुलिसकर्मियों को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल हो गया है. बताया जाता है कि पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद सोमवार को उसे सदर अस्पताल लाया गया जहां मेडिकल जांच के बाद सोमवार देर रात लगभग 8:30 बजे उसे मंडल कारा ले जाया गया जहां बासित ने पुलिसकर्मियों से सोच की इजाजत मांगी.

पुलिसकर्मियों ने लापरवाही बरतते हुए उसे शौच की अनुमति दे दी. इस बीच मौका देख कर आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. मौके पर उसके चप्पल मिले हैं. पुलिस रात से ही उसे ढूंढ रहे हैं. अब तक उसका कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है. बताया जाता है, कि एक अधिकारी सहित पांच- पांच पुलिसकर्मी उसे जेल गेट पर पहुंचाने आए थे, बावजूद इसके वह पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा. बताया जा रहा है, कि वह सनकी की किस्म का अपराधी है.












