
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन के लिए नया साल चुनावी साल होगा. इस चुनाव को लेकर तैयारी शुरू कर दी गयी है. टाटा वर्कर्स यूनियन के संविधान को माना जाये तो हर हाल में नये साल के 26 फरवरी 2021 तक चुनाव करा लेना है. इस चुनाव को कराने के लिए तैयारी शुरू हो गयी है, लेकिन तिथियों का ऐलान नहीं हुआ है. वैसे संविधान के मुताबिक, यूनियन को 26 दिसंबर 2020 से चुनाव की तैयारी कर लेना चाहिए क्योंकि 26 फरवरी 2021 तक चुनाव करा लेने के लिए दो माह के पहले से चुनावी प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाना चाहिए. आपको बता दें कि 26 फरवरी 2018 को टाटा वर्कर्स यूनियन का पिछला चुनाव संपन्न हुआ था और सर्टिफिकट 26 फरवरी 2018 को प्रदान किया गया था. इस कारण हर हाल में तीन साल का समय पूरा हो रहा है 26 फरवरी 2021 तक, जिसका चुनाव की प्रक्रिया अब संवैधानिक तौर पर करा लेने की जरूरत है. इसको लेकर अब तक अधिकारिक तौर पर कोई तैयारी नहीं हुई है. हालांकि, यहीं वजह है कि इसको लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष की बयानबाजी और चुनावी गतिविधियां शुरू हो चुकी है. हालांकि, चुनावी कार्यक्रम को लेकर तैयारी या कोई कार्यक्रम घोषित नहीं की गयी है. सूत्र बताते है कि गुरुवार को टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद और महामंत्री सतीश सिंह के बीच आपस में बातचीत हुई है. बताया जाता है कि चुनाव को ध्यान में रखते हुए ही यह बातें हुई थी, जिसमें तय किया गया कि ऑफिस बियरर की बैठक अगले सप्ताह होगा, जिसमें चुनावी कार्यक्रम पर चर्चा की जायेगी, जिसके बाद चुनाव का सारा कार्यक्रम, रिटर्निंग ऑफिसर का चुनाव से लेकर तमाम चीजों को तय किया जायेगा. ऑफिस बियररों की बैठक के बाद नयी तिथियों का ऐलान किया जायेगा. इस बारे में पूछे जाने पर यूनियन के महासचिव सतीश सिंह ने बताया कि चुनाव को लेकर बातचीत नहीं हुई है, सिर्फ नये साल पर होने वाले केक कटिंग समारोह को लेकर तैयारी के निमित थोड़ी देर तक की बातचीत हुई. चुनाव के बारे में बताया कि जो संविधान कहता है, उस संविधान के तहत ही सारा काम कराया जायेगा. इसको लेकर तैयारी चल रही है और जल्द ही ऑफिस बियररों की बैठक बुलायी जायेगी.




