
जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधिकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के सभी पदाधिकारियों की वर्चुअल बैठक, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी टुन्नू के नेतृत्व में हुई. इस मीटिंग में कई बिंदुओं पर चर्चा की गई. इसमें कहा गया कि कंपनी के सभी सहकर्मी को कमेटी मेंबरों के माध्यम से यह सूचना प्रसारित करने का निर्णय लिया गया कि समय-समय पर सभी सहकर्मी अपना नॉमिनेशन वर्तमान परिस्थिति एवं पारिवारिक संरचना के आधार पर बदलते रहे और अप टू डेट रहें, जिससे कि किसी भी परिस्थिति में भविष्य में उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या का सामना ना करना पड़े. यूनियन नेतृत्व द्वारा यह जानकारी दी गई कि टीएमएच ओपीडी की व्यवस्था के पुनः बहाली के लिए वरीय चिकित्सकों की ओपीडी चालू हो, इसके लिए प्रबंधन से बात की गई है. संभावित कोविड के तीसरे फेज की तैयारी के लिए तमाम उपाय जो किए जा सकते हैं, उस पर गंभीरता से चर्चा हुई और सभी के बातों और विचारों का संकलन करके उसे प्रबंधन के समक्ष रखकर त्वरित कार्रवाई हेतु प्रयास करने का निर्णय लिया गया. जैसा की समाचार प्राप्त हो रहे हैं इस महामारी का तीसरा वेभ बच्चों पर असर डाल सकता है, वैसी परिस्थिति में टीएमएच में बच्चों के साथ अभिभावकों को भी रखना मजबूरी होगी, वैसी परिस्थिति में अभी से ही उस दिशा में तैयारी आवश्यक है. गौरतलब हो की फैमिली बेनिफिट स्कीम, संशोधित जो कोविड के चलते मृत सहकर्मियों के परिवारजनों के लिए लाया गया था, उसमें एनएस ग्रेड समेत वैसे सहकर्मी जिनका बेसिक डीए कम है, उनको भविष्य में किसी तरह की दिक्कत ना हो इसलिए भी विभिन्न संकलित विचारों पर मैनेजमेंट से गंभीरता से वार्ता करने का निर्णय लिया गया है। बैठक में यह भी सूचना दी गई कि कंपनी प्रबंधन, निर्माता कंपनी से वैक्सीन मंगाने के लिए प्रयासरत हैं ताकि अपने कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को यह आसानी से उपलब्ध हो सके. इस दिशा में यूनियन ने यह सुझाव दिया है कि यूनियन परिसर वैक्सीनेशन की प्रक्रिया के लिए उपयोग में लाया जाए. वर्तमान में ब्लैक और वाइट फंगस के केस और भविष्य में इसकी गंभीरता और बढ़ने के मद्देनजर यूनियन ने टीएमएच की व्यवस्था को समय के अनुरूप अपग्रेड करने के लिए प्रबंधन को बहुत सारे महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं, जिस पर आने वाले समय पर अमल किया जाएगा. बैठक में यह सुझाव भी आए की यूनियन को यह विचार करना चाहिए कि मृतक कर्मचारी सदस्यों के परिवार को यूनियन अपने स्तर से कैसे आर्थिक, सामाजिक और अन्य किसी तरह की सहायता प्रदान कर सकती है,. इस पर कमेटी मेंबरों से गहन मंथन करके विधि सम्मत तरीके से निर्णय लिया जाएगा. इसके अलावा बैठक में कंपनी द्वारा जारी वर्तमान रीवार्ड एंड रिकॉग्निशन सिस्टम पर भी रिव्यू करने के लिए यूनियन की तरफ से प्रस्ताव दिए जाने का विचार किया गया. यूनियन नेतृत्व द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया की एलटीसी पर वार्ता हुई है और यह प्रयास किया जा रहा है कि इस पर एक सम्मानजनक समझौता हो सके. बैठक के अंत में अध्यक्ष टाटा वर्कर्स यूनियन द्वारा एक निश्चित समय अंतराल पर ऑफिस बेयर्र्स की मीटिंग करके उनके विचारों का संकलन करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उनके द्वारा उठाए गए हर मुद्दे पर सौहार्दपूर्ण ढंग से प्रबंधन से वार्ता करने का आश्वासन दिया. बैठक में डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश कुमार सिंह, महासचिव सतीश कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष हरिशंकर सिंह, उपाध्यक्ष शाहनवाज आलम, शत्रुघ्न राय, संजय कुमार सिंह, संजीव तिवारी, सहायक सचिव सरोज कुमार सिंह एवं अजय कुमार चौधरी उपस्थित थे.















